योग करने से कोरोना जैसी महामारी से भी लडऩे के लिए हमारा शरीर रोग प्रतिरोधक बन जाता है : योग प्रचारक मुकेश शर्मा


इन्द्री (अमित सरोहा) उपमंड़ल के गांव मटक माजरी में अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस पर प्रोटोकाल योगाभ्यास करवाया गया। इस प्रोटोकाल अभ्यास में सभी योग साधकों ने योगासन व प्राणायाम करके  स्वास्थ्य लाभ उठाया।  इस बार कोरोना  महामारी को देखते हुए यह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े स्तर पर नहीं मनाया जा सका। जहां जहां पर भी योग कक्षा चल रही थी वहीं पर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए सभी योग साधकों ने योग दिवस मनाया। इस मौके पर पंतजलि योग पीठ हरिद्वार के योग प्रचारक मुकेश शर्मा मुख्य रूप से पहुंचे। योग साधकों को संबोधित करते हुए मुकेश शर्मा ने बताया कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है और योग से सभी बीमारियों का इलाज संभव हो सकता है। आज के तनावग्रस्त माहौल में हमें योगासन व प्राणायाम अधिक से अधिक करना चाहिए ताकि हमारा शरीर स्वस्थ रहे। उन्होंने बताया कि योग वह औषधि है जिस पर किसी भी प्रकार का खर्च नहीं आता। सिर्फ योग को नियमित रूप करने से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है तथा कोरोना जैसी महामारी से भी लडऩे के लिए हमारा शरीर रोग प्रतिरोधक बन जाता है। इसीलिए हमें योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं सर्व विद्या पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल संजू भाटिया ने कहा की योग हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि योग से हम अपने आपको पूर्णता स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े स्तर पर ना मना करके लोगों ने अपने घरों में ही इस दिवस को मनाया है। वहीं पर हमने भी स्कूल के सभी बच्चों से आग्रह किया था कि वे अपने घरों पर ही रह करके इस योग दिवस को मनाए तथा अपने आप को स्वस्थ एवं चुस्त रखे। भाटिया ने कहा कि योग से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए योग को अपने जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। इस मौके पर मास्टर रमेश कुमार, विजय कांबोज, जसमेर सिंह आर्य, हरीश मलहोत्रा, ऋषिपाल कांबोज, जोगिन्द्र सिंह, नरेश भाटिया, दीपा भाटिया, ड़ा. ईशम सिंह जास्ट, कपिल बंसल सहित कई अन्य मौजूद रहे।