इन्द्री (अमित सरोहा) विधानसभा इंद्री क्षेत्र के गांव हिनौरी के पास भाखड़ा नहर पर मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण करते हुए इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि मनरेगा योजना केन्द्र एवं हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत लोगों को सरकार की ओर से रोजगार दिया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने मजदूर व किसान उत्थान के लिए अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं और इन योजनाओं का लाभ मजदूरों व किसानों को मिल भी रहा है। उन्होंने मनरेगा योजना के तहत कार्य कर रहे मजदूरों से कहा कि वे अपने बच्चों को शिक्षित अवश्य करें ताकि यह बच्चे पढ़ लिख कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सके।
विधायक ने कहा कि आज विश्व के हर देश में कोरोना वायरस महामारी फैली हुई है जिससे न केवल विश्व बल्कि हमारा देश व प्रदेश भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मजदूरों को करोना वायरस के बारे जागरूक करते हुए कहा कि हमें इस महामारी से लडऩा है और इसे हराना भी है। उन्होंने कहा कि यदि हम सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करेंगे तो अवश्य ही इस महामारी से निजात पा सकते हैं। इस महामारी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि हम जहां पर भी जाएं या काम करें वहां पर सामाजिक दूरी एवं मुंह पर मास्क अवश्य लगाएं और अपने हाथों को अच्छी तरह से सैनिटाइजर व साबुन से धोते रहें। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की सरकारों ने इस महामारी से लोगों को बचाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हुए हैं, हमें केवल इस महामारी से सचेत रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर वेद पाल, सतबीर, पूर्व सरपंच कर्ण सिंह, सरपंच रमेश हिनोरी, संजय, जगमाल, रविंदर समसपुर, उर्मिला प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक ने सभी को फेस कवर भी दिए।
