रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम : संदीप


इस्माईलाबाद (जसविन्द्र सिंह राज/वजीर सिंह) हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि रक्तदान के जरिये व्यक्ति मानव सेवा में अपना योगदान दे सकता है। रक्तदान के जरिये न केवल दूसरे व्यक्ति को नई जिंदगी मिलती है, बल्कि शरीर भी स्वस्थ रहता है। युवाओं को रक्तदान शिविर में बढ़-चढक़र हिस्सा लेना चाहिए। ग्राम पंचायत झांसा की ओर से लॉकडाउन में रक्तदान शिविर का आयोजन कर सराहनीय कार्य किया गया है।
खेल राज्यमंत्री शनिवार को ग्राम पंचायत झांसा और मैैं आई हेल्प यू ग्रुप की ओर से अग्रवाल धर्मशाला में योग दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तवीरों को बैज लगाने के बाद सम्बोधित कर रहे थे। रक्तदान शिविर में पहुंचने पर समाजसेवी पुनीत मल व संस्था के प्रधान गौरव ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राज्यमंत्री ने गलवन घाटी में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी। शिविर में 125 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। समाजसेवी पुनीत मल ने राज्यमंत्री को कोरोना काल के दौरान जनसेवा व जरूरतमंद व गरीबों की मदद करने पर उन्हें बतौर कोरोना योद्धा के तौर पर सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना वायरस महामारी बीमारी से जूझ रहा है। वहीं लॉकडाउन के चलते रक्तदान सेवाओं पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, ऐसी विपरित परिस्थितियों में भी ग्राम पंचायत झांसा अपना भरपूर योगदान दे रही है। इस विषम समय में रक्तदान का महत्व और अधिक बढ़ गया है इसलिए सभी को ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए ताकि जरूरतमंदों लोगों को समय रहते रक्त की आपूर्ति मिल पाए। समाजसेवी पुनीत मल ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से मानवता की सर्वोत्तम सेवा की जा सकती है, क्योंकि इसका कोई विकल्प नहीं है। रक्त का मानव ही एक मात्र स्त्रोत है। घायलावस्था व बीमार व्यक्ति के लिए आवश्यकता के समय रक्त अमृत तुल्य है। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि वे रक्तदान शिविर में बढ़-चढक़र हिस्सा लें ताकि विकट परिस्थितियों में रक्त की आपूर्ति की जा सके।
गांव झांसा की सरपंच मीनू मल ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान ग्राम पंचायत झांसा की ओर से गरीबों को राशन वितरित करने के साथ ही श्रमिकों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही गांव को पांच बार सेनिटाइज कराया गया ताकि कोरोना संक्रमण का प्रभाव न हो। लॉकडाउन के दौरान गरीब लोगों को सेनिटाइजर व मास्क बांटे गए, जिससे लोग कोरोना का सुरक्षा चक्र और ज्यादा मजबूत हुआ। इस अवसर पर परविंद्र, जस्व, अमित, तेजेंद्र, रमनदीप, जश्नदीप, तरसेम व दर्शन कुमार प्रमुख रूप से मौजूद थे।