अपनी मांगों को लेकर नगरपालिका कर्मचारी दो दिन की भूख हड़ताल पर बैठे


इन्द्री (अमित सरोहा) नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबधित सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा की केन्द्रीय कमेटी के आह्वान पर नगरपालिका इकाई द्वारा दो दिवसीय भूख हड़ताल का आयोजन प्रधान बुधराम की अध्यक्षता में किया गया। इसका संचालन सचिव सुरजीत सिंह ने किया। इस भूख हड़ताल पर सर्व कर्मचारी संघ इन्द्री के ब्लाक प्रधान नरेश मैहला भी मौजूद रहे। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता बुधराम, नरेश मैहला व अर्जुन ने कहा कि नगरपालिका संघ हरियाणा की सरकार के साथ अपनी मांगों को लेकर कई बार बातचीत हो चूकी है। इसमें कई बातों पर सहमति भी बनी लेकिन अभी तक सरकार ने उन मांगों को लागू नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नव नियुक्त जेई की नियुक्ति के साथ ही आउटसोर्सिग पार्ट 1 व पार्ट 2 में लगे जेई की सेवाएं समाप्त करने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया है। इस बात की नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा निंदा करता है। उन्होंने कहा कि सरकार से हमारा अनुरोध है कि 25 अप्रैल को किया गया समझौता लागू करे। हमारी मुख्य मांगों में कोरोना वायरस से अचानक मौत हो जाने पर पचास लाख रूपयों की आर्थिक सहायता,मृतक के  आश्रितों को नियमित रोजगार, चार हजार रूपये जोखिम भत्ता, दो वर्ष के अनुभव के आधार पर कच्चें कर्मचारियों को पक्का करना, 1046 फायर आप्रेटरों की की भत्र्ती रद्द करने, 1366 फायरमैन व ड्राईवरों, 2268 फायर आप्रेटरों को समयोजित कर नियमित करना है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने समय रहते हमारी मांगों को नही माना तो संघ को मजबूरन कोई बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी ओर 6, 7 व 8 जुलाई की हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने का निर्णय लेना पड़ेगा। इस मौके पर विनोद, चेतराम, राजिन्द्र, वेदपाल, जगीर सिंह, रोशन, बलदेव सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।