अभय सिंह ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने किसानों, व्यापारियों व आमजन का शोषण किया है व उन्हें परेशान किया जा रहा है। गठबंधन सरकार ने जिन मुद्दों पर चुनाव लड़ा था, अब उन्हें भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि बुधवार को चंडीगढ़ में विभिन्न दलों के नेता व कार्यकर्ता इनेलो में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में सरकार ने प्रदेश की जनता को राहत देने की बजाय तेल के दाम बढ़ाकर जनता को मरने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वे इस मुद्दे पर चुप्पी साधे बैठी हैं। खासकर पंजाब, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं लेकिन तेल के बढ़ते दामों पर वे चुप्प हैं। अभय सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वे अगले माह में विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय बैठकें करेंगे तथा प्रत्येक जिला मुख्यालय पर तेल के बढ़ते दामों तथा महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह ठीक है कि आज मैंने कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर से मुलाकात की जिसमें वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की तथा भविष्य में प्रदेश सरकार के विरूद्ध मिलकर आंदोलन भी कर सकते हैं।
गेहूं घोटाले के सवाल पर उन्होंने कहा कि गेहूं घोटाले को छोडि़एं, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी में चना घोटाला हुआ है जो सरकार के चहेते लोग कर रहे हैं। इस मामले में मार्केट कमेटी के कई सचिवों को सस्पेंड किया जा चुका है। सरकार सुविधाएं देने की बजाय माफिया गैंग खड़ा कर रही है और उन्हें सरकारी संरक्षण दिया जा रहा है। आज भू माफिया, गेहूं का घोटाला करने वाले, सड़कों का घोटाला करने, शराब का घोटाला तथा नशों का कारोबार करने वाले, अपहरण व डकैती करने वाले माफियाओं को सरकार खुला संरक्षण दे रही है। इनेलो विधायक ने कहा कि वे राज्य स्तर पर माफियाओं के खिलाफ मुहिम चलाएंगे। प्रदेश के शराब घोटाले के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुआ शराब घोटाला पकड़ा गया। सरकार ने इसकी जांच के लिए एसईटी का गठन किया था, मगर हैरानी की बात है कि एसईटी को घोटाले से संबंधित कोई कागज नहीं मिला। ऐसे में शराब घोटाले की जांच होगी, इसकी कोई उम्मीद नहीं है। भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जनता को सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क पहनने की बात कहने वाली सरकार खुद वर्चुअल मीटिंग करती है जिसमें सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कोरोना की आड़ में किसानों व विद्यार्थियों से पैसे लिए जा रहे हैं। कोरोना से लडऩे में सरकार विफल साबित हुई है। सरकार ने हाथ खड़े कर दिए हैं। दिल्ली की हालत तो और भी खराब है।
- भाजपा-जजपा उम्मीदवार की जब्त होगी जमानत
बरोदा सीट पर होने वाले उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि भाजपा व जजपा चाहे दोनों मिलकर उपचुनाव लड़े, लेकिन भाजपा-जजपा उम्मीदवार की जमानत जब्त होगी, क्योंकि प्रदेश की जनता इस सरकार से तंग आ चुकी है और सरकार को सबक सिखाने का मौका तलाश कर रही है। उन्होंने पीटीआई को निकालने पर कहा कि सरकार ने कोर्ट की आड़ लेकर पीटीआई को निकाल कर उनके पेट पर लात मारी है। योगा टीचर भी निकाल दिए हैं। कोरोना के नाम पर पंचायतों से पैसा लिया गया जबकि पंचायतों का पैसा गांव के विकास में लगना चाहिए था। इनेलो ने इसके लिए जिला स्तर पर आरटीआई मांगी है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। अपराध बढ़ रहे हैं। प्रदेश की जनता में डर है। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करिवाला, पूर्वमंत्री भागीराम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसबीर सिंह जस्सा, महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फोगाट, प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, विनोद दड़बी, जसविंद्र बिंदू, राजेंद्र देसूजोधा, अभय सिंह खोड, सुभाष नैन, गुरविंद्र सिंह, डा. विनोद गोदारा, हरपाल कासनिया, रणधीर जोधकां, भगवान कोटली, अशोक बामनिया सहित अन्य मौजूद थे।
