पंचकूला (वासु के मेहता) हरियाणा में जल्द ही प्रीपेड यानी स्मार्ट मीटरों के जरिये लोगों को सस्ती बिजली मुहैया करवाने की तैयारी चल रही है। इस सिस्टम के जरिये उपभोक्ताओं को टैरिफ रेट में पांच फीसदी की छूट दी जाएगी। बिजली उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए बिजली निगम के तरफ से ऐसा प्लान तैयार किया जा रहा है। बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) ने इस योजना और प्रोग्रेस रिपोर्ट से हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के चेयरमैन डीएस ढेसी को भी अवगत करवा दिया है।
प्रदेश में बिजली निगम की तरफ से स्मार्ट मीटर लगाने की योजना अब धीरे-धीरे सिरे चढ़ रही है। प्रीपेड मीटरों की संख्या प्रदेश में फिलहाल दस लाख का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने दिसंबर 2021 तक इस लक्ष्य को पूरा करने की योजना बनाई है। प्रदेश में अभी तक करीब डेढ़ लाख स्मार्ट मीटर लग चुके हैं।
- क्या होगा स्मार्ट मीटर से फायदा ?
बिजली उपभोक्ताओं को टैरिफ रेट में पांच फीसदी कम रेट की सुविधा।अपनी मर्जी के हिसाब से बिजली का उपयोग कर सकेंगे।प्रीपेड मीटर में बिजली के खर्च की तुरंत जानकारी मिलती रहेगी।बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल रिचार्ज की तरह बिजली का रिचार्ज मिल सकेगा।बिजली के अनावश्यक खर्च पर रोक लगेगी।अब हरियाणा में बनेंगी लिथियम बैटरी, जापानी कंपनी लगाएगी कारखाना, चीन को झटका।
बिजली वितरण निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर शत्रुजीत कपूर ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। डेढ़ लाख के करीब जो स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं। उनमें जल्द ही प्रीपेड सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए टैरिफ तैयार किया गया है। मंजूरी के बाद ही फाइनल किया जाएगा। मगर यह तय है कि प्रीपेड सिस्टम से बिजली इस्तेमाल करने पर उपभोक्ताओं को इंसेंटिव जरूर दिया जाएगा।