विदेशों से आने वाले व्यक्तियों का तुरंत ले सैंपल-करें क्वायरनटाईन : आईजी विकास अरोड़ा
June 23, 2020
कैथल (संजीव कौशिक /रवि गोयल) कोरोना महामारी को लेकर जिला में नियुक्त किए गए प्रशासनिक प्रभारी एवं आईजी विकास अरोड़ा ने अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें कोरोना संक्रमण को रोकने के दृष्टिïगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनलोक-1 में लघु औद्योगिक ईकाईयां चल रही है, वहां पर कार्य करने वाले कामगर सामाजिक दूरी व मास्क लगाने का विशेष ध्यान रखें। संबंधित विभाग समय-समय पर इनकी जांच करते रहें। विदेश से आने वाले लोगों का तुरंत सैंपल लेकर उन्हें क्वायरनटाईन करना सुनिश्चित करें, अगर रिपोर्ट नैगटीव आती है तो 7 दिन के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया तुरंत करें। आईजी विकास अरोड़ा लघु सचिवालय स्थित सभागार में कोरोना के संदर्भ में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस मौके पर उपायुक्त सुजान सिंह ने जिला में चल रहे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे सभी कार्यों की बारिकी से जानकारी दी। आईजी विकास अरोड़ा ने कहा कि इस महामारी को हराने में लंबा समय लगेगा, इसलिए स्वास्थ्य विभाग भविष्य की परिस्थितियों को देखते हुए सभी तैयारियां मुकम्मल रखें। जितनी भी रिपोर्ट जाती है, वे सभी समयबद्ध जाए। आवागमन बढऩे से बाहर से व्यक्ति आ रहे हैं, उनकी सही प्रकार से स्क्रीनिंग हो और उसका पूरा रिकार्ड भी हो। जो व्यक्ति विदेश से आ रहा है, उसकी सूचना एयरपोर्ट के माध्यम से अग्रिम पहुंच जाती है। अधिकारी अलग टीम बनाकर तुरंत सैंपल लें और जितनी भी औपचारिकताएं हैं, उसे पूरा करें। कंटेनमैंट जोन में संबंधित अधिकारी रोजाना जाकर स्थिति का जायजा लेते रहें और उसकी रिपोर्ट भी जल्द दें। उन्होंने कहा कि कोरोना के दृष्टिïगत कोन्टैक्ट ट्रेसिंग, टैस्टिंग, स्क्रीनिंग तथा बैड मैनेजमैंट की पूरी रूप रेखा इसी तरह चलती रहे। पीएमओ की अध्यक्षता में गठित कमेटी पूरे जिला में बैड मैनेजमैंट को देखेगी। उन्होंने कहा कि आईईसी एक्टिविटी के तहत अधिक से अधिक लोगों को कोरोना से बचने के लिए जागरूक करें, जितने भी जिला में वृद्धजन, टीबी मरीज, गर्भवती महिलाए हैं, उन सभी को रोग-प्रतिरोध क्षमता बढ़ाने हेतू आयुर्वेदिक दवाईंया वितरित करें। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों को और अधिक एक्टीव करके आमजन को जागरूक करने का कार्य करें। उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि इस बीमारी की कोई दवाई नही बनी है, केवल सावधानी बरतते हुए हम इसके संक्रमण से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को जागरूक करने के लिए फ्लैक्स, बैनर व मुनियादी करवाई जा रही है। सभी 18 कंटेनमैंट जोन में रहने वाले व्यक्तियों के लिए 4 हजार 99 आयुर्वेदिक किट वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिला में 80 वर्ष से ऊपर के 9 हजार 21 वृद्धजनों को चयनित किया गया है, उन्हें भी आयुर्वेदिक किट आशा वर्कर के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। इसी प्रकार जिला में लगभग 50 हजार व्यक्तियों को जोकि 60 वर्ष से ऊपर है, उन्हें भी आयुर्वेदिक दवाईयां दी जाएंगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, एसडीएम कमलप्रीत कौर, शशि वसुंधरा, सीटीएम सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल जगदीप सिंह, डीडीपीओ जसविंद्र सिंह, सीएमओ जयभगवान, ईओ अशोक कुमार, डीएसडब्ल्यूओ कुलदीप सिंह, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. नीरज मंगला, डॉ. राजीव मित्तल, लक्ष्मी पंडित आदि मौजूद रहे।