पट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का तेल निकाल दिया : अशोक बुवानीवाला


चंडीगढ़ (संजीव बंसल)  पट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का तेल निकाल दिया है। ये बात आज हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अशोक बुवानीवाला ने आज लगातार 19वें दिन बढ़ी पट्रोल-डीजल की कीमतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कही। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये देश के इतिहास में पहली बार हुआ कि लगातार 19 दिन तेल के दाम बढऩे के साथ 80 रूपऐं पार कर गई हो। बुवानीवाला ने तंज करते हुए कहा कि इसके अलावा आम आदमी पर महंगाई की मार करते हुए मोदी सरकार ने डीजल की कीमत को पट्रोल से आगे निकलते हुए भी नया कीर्तिमान रचा है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन के नाम पर जो मजाक मोदी सरकार ने जनता के साथ किया है, इसके लिए देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। बुवानीवाला ने कहा कि जब कच्चे तेल के दाम उच्चतम स्तर पर थे तब कांग्रेस सरकार कम कीमत पर जनता को पेट्रोल-डीजल मुहैया करवा रही थी। आंकड़ें बताते हुए बुवानीवाला ने कहा कि कांग्रेस राज में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (कू्रड ऑयल) लगभग 120 डॉलर प्रति बैरल पर था तब भारत में पेट्रोल 71.41 और डीज़ल 55.49 रुपये का मिल रहा था। और आज जब कू्रड ऑयल का दाम 42.41 डॉलर प्रति बैरल पर है, तब पेट्रोल और डीजल 80 पार कर चुका है। आज कच्चे तेल के दाम न्यूनतम स्तर पर हैं, फिर भी भाजपा सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर जनता को ठगने का काम कर रही है। यह देश की जनता को प्रताडि़त करने जैसा है। बुवानीवाला ने कहा कि देश कोरोना से जूझ रहा है, लोगों के रोजगार खत्म हो गए है, वेतन तक पूरा नहीं मिल रहा है इस स्थिती में जनता को राहत देने की बजाए मोदी सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम बेतहाशा बढ़ा कर आपदा में अवसर खोज रही है। बुवानीवाला ने कहा कि मोदी सरकार तेल का जो खेल, खेल रही है वह गणित आम आदमी के लिए ठीक नहीं है। सरकार को ये बात नहीं भूलनी चाहिए कि खासकर डीजल की महंगाई देश में हर चीज को महँगा करती है। केन्द्र सरकार के लिए जरूरी है कि अब वे अपने लालच पर काबू करें और एक्साइज ड्यूटी में कटौती करके बड़ी राहत का एलान करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि अनलॉकिंग का अर्थ आम नागरिक और कारोबार की अनलॉकिंग होना चाहिए न कि महंगाई और परेशानी की अनलॉकिंग। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय लोगों की परेशानी को बढ़ाने वाली इस वृद्धि को वापस लिया जाए।