बाहर से आने वाले लोगों की तुरंत दे जिला प्रशासन को सूचना, आमजन का सहयोग काफी आवश्यक : उपायुक्त सुजान सिंह



कैथल (संजीव कौशिक/ रवि गोयल)  उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बीमारी को रोकने के लिए आमजन का सहयोग काफी आवश्यक है। हमें सतर्क रहते हुए बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन को उपलब्ध करवानी है, ताकि समय पर उनका स्वास्थ्य चैकअप करवाया जा सके।
उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर जाने वाले व्यक्तियों के मुंह पर मास्क लगाना अनिवार्य है। ऐसा नही करने पर संबंधित व्यक्ति को 500 रुपए का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। जिला में अब तक इन आदेशों की अवहेलना करने वाले 2 हजार 152 लोगों के चालान किए जा चुके हैं। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर भी पाबंदी है।  उन्होंने कहा कि आरोग्य सेतु एप के माध्यम से कोरोना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती है। सभी व्यक्तियों को इस एप को डाऊनलोड करना चाहिए। जिला में अब तक 1 लाख 20 हजार 700 व्यक्तियों ने आरोग्य सेतू एप का डाऊनलोड किया है, जिन व्यक्तियों पास एंड्रायड फोन नही है, वे 1921 पर मिस्ड कॉल करें, जिससे उन्हें भी कोरोना से संबंधित जानकारी मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी का भी ध्यान रखें, ताकि आप स्वस्थ रह सकें।
उन्होंने बताया कि कंटेनमैंट जोन में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा वहां पर हर प्रकार की सुविधा प्रशासन द्वारा मुहैया करवाई जा रही है। इतना ही नहीं लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयूर्वेदिक दवाईयां भी वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला का कोई भी व्यक्ति कोविड-19 यानि कोरोना से संबंधित व अन्य किसी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 1950 पर संपर्क कर सकता है। इसके साथ-साथ मोबाईल नम्बर 98963-17010 पर भी कोरोना से संबंधित, जिला के टैस्टिंग सैंटर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकता है।