प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर व्यक्ति के अपने घर का सपना होगा पूरा : संदीप


पिहोवा (जसविन्द्र सिंह राज/ वजीर सिंह) हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी लोगों के पास अपने पक्के मकान हो, इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार पूरी तरह से तत्पर है। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा 2022 तक ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
खेलमंत्री संदीप सिंह शुक्रवार को कैथल रोड पर यात्रिका काम्पलैक्स में योजना के पात्र लोगों में पहली और दूसरी इंस्टॉलमेंट के चेक वितरित कर रहे थे। इससे पहले खेलमंत्री संदीप सिंह ने 12 पात्रों को लाखों रुपए के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि तीन लाख से कम की वार्षिक आय वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों, तीन से छह की आय के निम्न आय वर्ग परिवारों सहित अनुसूचित जाति के परिवार इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे परिवारों को घर के निर्माण या अधिग्रहण के लिए हाउसिंग लोन के ब्याज पर सब्सिडी दी जाएगी। इंक्रीमेंटल हाउसिंग के रूप में वर्तमान निवास स्थान में नए निर्माण और अतिरिक्त कमरे रसोई घर, शौचालय आदि के लिए भी होम लोन पर क्रेडिट लिंक सब्सिडी का लाभ उपलब्ध होगा। 
उन्होंने कहा कि पीएमएवाई का लाभ लेने के लिए आवेदन करने वाले आवेदक को एक रजिस्ट्रेशन आईडी दी जाएगी। इस आईडी के जरिए एप्लीकेशन के स्टेटस का पता किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2015 में यह योजना शुरू की गई थी। इस योजना के तहत 20 वर्षों के लिए होम लोन पर 6.5 प्रतिशत की ब्याज सब्सिडी प्रदान की जाती है। जो पात्र योजना का लाभ लेना चाहते हैं। वे प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर में उपलब्ध फार्म भर कर अपना आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर 12 परिवारों को उनके मकान बनाने के लिए पहली और दूसरी इंस्टॉलमेंट का चेक मंत्री द्वारा दिया गया। इस मौके पर नगरपालिका सचिव अंकुश पराशर व जेई शाहरुख खान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।