सीएचसी में लिए गए कोरोना के सभी सैंपल आए नेगिटिव

घरौंडा (प्रवीण) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिए गए कोरोना सैंपलों की रिपोर्ट नेगिटिव मिली है। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने बुधवार को कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए थे। जिनमें ट्रैवल हिस्ट्री वाले महिला, पुरूष, बच्चें व बुजुर्ग शामिल थे। सीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को लगभग 56 कोरोना संदिग्धों के सैंपल टीम द्वारा लिए गए और इन सभी सैंपलों को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए भेजा गया। जिनकी रिपोर्ट वीरवार को आई। हेल्थ इंस्पेक्टर जसमेर ने बताया कि बुधवार को लिए गए कोरोना सैंपलों में से सभी की रिपोर्ट नेगिटिव आई है। जिन लोगों ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया था, वे अस्पताल में पहुंचकर अपनी रिपोर्ट ले रहे है। साथ ही इन रिपोर्ट को ऑनलाइन भी किया जा रहा है। जिसके बाद संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर उसकी रिपोर्ट का मैसेज पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मुहं पर मास्क का इस्तेमाल करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इसके अतिरिक्त यदि कोई व्यक्ति किसी बाहर राज्य से आता है तो वह अपना कोरोना टेस्ट करवाए, ताकि उसका व दूसरे लोगों का कोरोना संक्रमण से बचाव हो सकें।