शाहबाद मारकंडा (समय की ताकत) एसडीएम डॉ. किरण सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए सामाजिक दूरी, मास्क व सैनीटाईजर को हमें अपने दैनिक जीवन में शामिल करना है। हालांकि जब तक कोरोना की कोई वैकसीन नहीं बनती है, एहतियात के तौर पर हमें उपरोक्त का प्रयोग करते हुए स्वंय सुरक्षित रहना है साथ में दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते हुए सचेत रहना है।
एसडीएम ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि अनलॉक-1 के तहत अधिकतर गतिविधियां खोल दी गई हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि कोरोना खत्म हो गया है। हमें सही मायने में सचेत होकर सावधानी बरतते हुए इसका मुकाबला करना है। इस वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, कोरोना से जितने भी लोग संक्रमित हुए हैं उनका ईलाज किया जा रहा है। सुखद की बात यह है कि संक्रमित कोरोना मरीजों ने इसे हराते हुए इस पर विजय भी हासिल की है। उन्होंने यह भी कहा कि अब हमें विशेष रूप से सावधानियां बरतनी है क्योंकि सभी गतिविधियां शुरू होने से आवाजाही बढ़ी है। ऐसे में हमें सामाजिक दूरी, मास्क व सैनीटाईजर के साथ-साथ 20 सैकेंड तक साबुन से पूरी तरह हाथ साफ करना आदि आवश्यक हिदायतों की पालना सुनिश्चित करनी है।
उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से काफी हद तक कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोका गया है और आगे भी लोग इन हिदायतों की पालना करते हुए स्वयं सुरक्षित रहेंगे तथा दूसरों को भी इन हिदायतों की पालना निरंतर करने के लिए प्रेरित भी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की हिदायतों की पालना करते हुए हमें कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकना है और इसे हराने का काम भी करना है।
