अधर में लटका जीटी रोड से कालरम तक जाने वाली 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य


घरौंडा (प्रवीण कौशिक) जीटी रोड से कालरम की तरफ जाने वाली नई सड़क के निर्माण का कार्य कई महीनों से अधर में लटका पड़ा है।  करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण मार्किटिंग बोर्ड द्वारा करवाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इस सड़क के लिए लगभग एक करोड़ रुपए का एस्टीमेट बनाया गया है। हालांकि इस निर्माण कार्य को लगभग आठ या नौ माह की अवधि में पूरा किया जाना था, लेकिन विधानसभा चुनाव, मौसम परिवर्तन और कोरोना संकट काल ने सड़क निर्माण में बाधा खड़ी कर दी। इसके अतिरिक्त दूसरी बड़ी समस्या सड़क के बीचों बीच खड़े बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर भी है। सड़क के बीच से खंभे न हट पाने के कारण सड़क निर्माण में दिक्कतें आ रही है। मार्किटिंग बोर्ड के अधिकारियों ने बिजली महकमें को खंभे हटाने के लिए पत्र व्यवहार किया है, लेकिन बिजली महकमें ने खंभे व ट्रांसफार्मर हटाने के लिए लाखों रुपए का एस्टीमेट बनाकर मार्किटिंग बोर्ड के अधिकारियों के सामने रख दिया है, लेकिन मार्किटिंग बोर्ड के अधिकारी इस एस्टीमेट को बहुत ज्यादा मान रहे है। कई माह पहले यह एस्टीमेट मार्किटिंग बोर्ड को दिया जा चुका है लेकिन आज तक भी बिजली बोर्ड में किसी तरह के पैसे विभाग द्वारा नहीं करवाए गए है। इस कारण भी सड़क का कार्य अधर में लटका हुआ है।
            वहीं ग्राम पंचायत कालरम के सरपंच सुरेंद्र राणा की माने तो सड़क के निर्माण से कालरम का लिंक सीधा नेशनल हाइवे से हो जाएगा। यदि ग्रामीणों और किसानों को करनाल की तरफ जाना है तो इस सड़क से जाया जा सकता है लेकिन ग्रामीणों को यह सुविधा अभी तक नहीं मिल पाई है। लगभग एक वर्ष होने को है और सड़क का निर्माण कार्य पूरा ही नहीं हुआ है। बीते वर्ष सितंबर-अक्तूबर माह के दौरान सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया था। मिट्टी, बजरी, रोड़ा व साइड ईंटे बिछा दी गई थी। सड़क की कारपेटिंग का कार्य बाकी था लेकिन कई महीनों से यह काम ही पूरा नहीं हो पाया है। जिससे ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही है। करनाल जाने के लिए उन्हें घरौंडा या अन्य रास्तों की तरफ से निकलना पड़ता है। वहीं मार्किटिंग बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जहां पर बिजली विभाग के खंभे खड़े है उस हिस्सें को छोड़कर बाकी सड़क का काम लगभग पूरा है केवल कारपेटिंग का कार्य बाकी है। सड़क के बीच से खंभे हटवाकर जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

  • करीब 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क कालरम को नेशनल हाईवे से जोडेगी। इस नई सड़क पर करीब एक करोड़ की राशि खर्च होगी। सड़क का काम मौसम, इलेक्शन व कोविड की वजह से प्रभावित हुआ है। इसके अतिरिक्त बिजली विभाग के खंभे भी सड़क के बीच में खड़े है। जिसको हटवाने के लिए बिजली महकमें से एस्टीमेट लिया गया था। हालांकि यह एस्टीमेट बहुत ज्यादा है। सड़क पर सिर्फ कारपेटिंग का काम होना बाकी है। वह जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।-राजन पंवार, जेई मार्किटिंग बोर्ड