आमजन स्वयं की सुरक्षा के लिए पहने मास्क तथा कोविड-19 के नियमों की करें पालना : उपायुक्त सुजान सिंह


कैथल (रवि गोयल /संजीव कौशिक) उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए  सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क व हाथों को सेनिटाइज करना सबसे बड़े उपाय हैं, आमजन कोविड-19 से बचने के निमयों को अपनाते हुए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
            उपायुक्त सुजान सिंह ने कहा कि नागरिक घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य पहने तथा एक-दूसरे से कम से कम दो गज की दूरी बनाए रखें। इसके अलावा दिन में बार-बार हाथ धोते रहें अपने मुंह, आंखों को हाथ न लगाएं।  नागरिक कोरोना से बचाव संबंधी उपायों के प्रति लापरवाही न बरतें। कोविड-19 के बचाव के तहत जो नियम बनाए गए हैं वे नागरिकों की सुरक्षा के लिए ही बनाए गए हैं, छोटी सी लापरवाही न केवल स्वयं को बल्कि दूसरों को भी संकट में डाल सकती है।
            उपायुक्त ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रत्येक व्यक्ति की समान भागीदारी है। इसके लिए हमें स्वयं की व अपने आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना है। नागरिक समय-समय पर हाथों को सेनिटाइज करते रहें अथवा साबुन से अच्छी तरह से हाथ धोएं। अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखें तथा घर में रह कर अपनी दिनचर्या में योग व प्राणायाम को शामिल करें। उन्होंने बताया कि अगर जरूरी हो तभी यात्रा करें। अगर कार में ट्रैवल करते है तो सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करें। अगर स्कूटर या बाइक पर जाना पड़े तो अकेले ही जाए, समूह में खड़े होने से बचे। उन्होंने कहा कि अगर हम इन सब बातों का ध्यान रखेंगे तो हम कोरोंना के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने में सफल रहेंगे।
            उपायुक्त सुजान सिंह ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकान में आने वाले ग्राहकों को मास्क लगाए रखने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा दुकानों के आगे सोशल डिस्टेंसिंग की भी पालना करवाना सुनिश्चित करें तथा दुकान में मास्क व सेनिटाइजर भी रखें। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति की यह नैतिक जिम्मेवारी है कि वे गृह मंत्रालय व स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।
            उपायुक्त सुजान सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण के जोखिम का आंकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लांच आरोग्य सेतु एप आपने मोबाईल में इंस्टॉल करें। यह ऐप बताएगा कि आप जोखिम में हैं या नहीं। एप ब्लूटूथ और जीपीएस से चलता है। यह एप कोविड-19 संक्रमण के प्रसार, जोखिम और बचाव एवं उपचार के लिए लोगों तक सही और सटीक जानकारी देने का काम करेगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति निर्धारित दायरे में आता है तो आपके पास तुरंत संदेश आने शुरू हो जाएंगे। यह एप कोरोना के प्रति आप को अलर्ट कर देगा। यह एप कई भाषाओं में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि देश में कोरोना पॉजिटिव से संबंधित नागरिकों का डाटा एप पर डाला गया है। ऐसे में इस तकनीक का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाया जाए। उन्होंने बताया कि जनता को कोरोनावायरस से डरने की जरूरत नहीं है बल्कि एतिहात रखने की जरूरत है।

  • सभी खबरें सबसे पहले देखने के लिए देखें : www.samaykitaqat.com 
  •  समाचार भेजने के लिए सम्पर्क करें : email : samaykitaqat@gmail.com 
  •  पत्रकारिता के इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करें : +91-9416541457 
  •  विज्ञापन, लेख व समाचार देने के लिए सम्पर्क करें : +91-9416541475