यमुनानगर (अंशुल बब्बर) शहर में लगातार कोरोना पॉजीटिव केस बढ़ रहे हैं, लेकिन शहरवासी फिर भी सबक नहीं ले रहे है। मास्क न पहनकर अपने साथ साथ दूसरों की भी जान को जोखिम में डाल रहे है। प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम की दो टीमों ने जगाधरी व यमुनानगर के कई बाजारों का निरीक्षण कर 24 दुकानदारों के मास्क न पहनने पर चालान किए गए। मास्क न पहन चालान करने पर रामपुरा में एक दुकानदार नगर निगम की टीम पर भड़क किया। जिसके खिलाफ नगर निगम की टीम ने विभागीय कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू की है।
मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई के लिए नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह के निर्देशों पर यमुनानगर में जैडटीओ अजय वालिया, सहायक देशराज, अजय कुमार व नगर निगम के अन्य अधिकारियों की टीम व जगाधरी में सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज, सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप दहिया, सुरेंद्र, शशि, हरप्रीत, राजन, सन्नी व राहुल की टीम बनाई गई। जैडटीओ अजय वालिया की टीम ने रेलवे रोड, रामपुरा, शिवाजी मार्केट व अन्य बाजारों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनता बेकर, कृष्णा स्वीट्स, दो क्लाथ हाउस, कालड़ा फ्रूट, सिविल अस्पताल के सामने दो मेडिकल स्टोर, दलजीत इलेक्ट्रिकल समेत 15 दुकानदार बिना मास्क के मिले। सभी दुकानदारों से पांच सौ-पांच सौ रुपये चालान राशि वसूली गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान दलजीत इलेक्ट्रिकल ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। जब नगर निगम की टीम उनकी दुकान पर पहुंची तो वह बिना मास्क के थे। इसपर नगर निगम की टीम ने उसका चालान किया। चालान होने के बाद दुकानदार टीम का विरोध जताने लगा और आसपास के लोगों को एकत्रित कर हंगामा करने लगा। जिसके खिलाफ उच्च अधिकारियों को शिकायत देकर सरकारी व प्रशासनिक नियमों की उल्लंघना करने के आरोप में धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया। उधर, जगाधरी में एसआई अमित कांबोज की टीम ने विभिन्न बाजारों में बिना मास्क मिले 9 दुकानदारों के चालान किए। उनका कहना है कि कोरोना वायरस से बचने के लिए हमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क का नियमित इस्तेमाल करना, हाथों को लगातार सैनिटाइज करना व अन्य प्रशासनिक नियमों का पालना करना है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के चलते तय किए गए प्रशासनिक नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों पर नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
